गुजरात में इस बार किसकी सरकार बनेगी, एग्जिट पोल से अंदाजा लगाया जा सकता है ?

ये एग्जिट पोल कितने सही होते हैं ये तो 8 तारीख को पता चल ही जाएगा

गुजरात में इस बार किसकी सरकार बनेगी, एग्जिट पोल से अंदाजा लगाया जा सकता है ?
Desh 24X7
Desh 24X7

December 6,2022 03:16

Gujarat Election Exit Poll : गुजरात में इस बार किसकी सरकार बनेगी? इस सवाल का जवाब 8 दिसंबर को मिलेगा। उससे पहले एग्जिट पोल के रुझानों में तस्वीर काफी कुछ साफ नजर आ रही है। गौरतलब है कि गुजरात की 182 सीटों पर दो चरणों में मतदान हुए। गुजरात में हमेशा से बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला रहा है लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी के उतरने से चुनाव दिलचस्प हुआ है। गुजरात में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला है। ऐसे में अंदाजा लगाना मुश्किल है कि कौन बाजी मारेगा।

 

 

टुडेज चाणक्य एग्जिट पोल के अनुमान के मुताबिक, गुजरात में बीजेपी माधव सिंह सोलंकी का रेकॉर्ड तोड़ सकती है। बीजेपी 150 सीटें जीत सकती है। अगर यह नतीजे साबित हुए तो गुजरात में बीजेपी न सिर्फ अपना बल्कि कांग्रेस का भी रेकॉर्ड धराशायी कर सकती है। एग्जिट पोल के अनुसार, गुजरात में बीजेपी को 150 सीटें, कांग्रेस को 19, आप को 11 और अन्य को 2 सीटें मिल सकती हैं।

 

गुजरात विधानसभा में 149 सीटें जीतने का रेकॉर्ड है। यह रेकॉर्ड कांग्रेस के नाम दर्ज है। 1985 गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 149 सीटें जीतने का रेकॉर्ड बनाया था। कांग्रेस के सीएम रहे माधव सिंह सोलंकी के नेतृत्व में यह चुनाव लड़ा गया था। ऐसे में अगर इस बार के चुनाव में बीजेपी को 149 से अधिक सीटें मिलती हैं तो फिर सबसे ज्यादा सीटें जीतने का रेकॉर्ड इस पार्टी के नाम पर दर्ज हो जाएगा।

 

 

सी वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार, गुजरात में बीजेपी की जोरदार वापसी हो सकती है। एग्जिट पोल के अनुसार, बीजेपी को 128 से 140, कांग्रेस को 31 से 43, आप को 3 से 11, अन्य को 2 से 6 सीटें मिल सकती हैं। वोट शेयर की बात करें बीजेपी को 49 फीसदी, कांग्रेस को 33 फीसदी, आप को 15 फीसदी और अन्य को 3 फीसदी वोट मिल सकते हैं।

 

 

इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया एग्जिट पोल के अनुसार, गुजरात में बीजेपी 127 सीटों का अपना पुराना रिकॉर्ड तोड़ सकती है। एग्जिट पोल के नतीजों के अनुसार, गुजरात में बीजेपी को 131 से 151 सीटें, कांग्रेस को 16-30 जबकि आप को 9 से 21 सीटों पर जीत मिल सकती है। आम आदमी पार्टी अगर गुजरात में डबल डिजिट सीटें मिलती हैं तो नतीजे चौंकाने वाले हो सकते हैं।

 

 

टाइम्स नाउ इटीजी एग्जिट पोल ने गुजरात में बीजेपी के 131 सीटें जीतने का अनुमान लगाया है। जबकि कांग्रेस 41 सीटों पर सिमट सकती है। एग्जिट पोल के मुताबिक, गुजरात में बीजेपी को 131 सीटें, कांग्रेस को 41, आप को 6 और अन्य को 6 सीटें मिल सकती है। एग्जिट पोल के मुताबिक, गुजरात में कांग्रेस नंबर 2 की पार्टी हो सकती है।

 

 

गुजरात में कुल 182 विधानसभा सीटें हैं जिनमें से 40 आरक्षित हैं । 27 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए 13 सीटें अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व हैं। विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 92 सीटों का है। 2017 के चुनाव में सत्तारूढ़ बीजेपी की सीटों की संख्या दो दशक में पहली बार सिर्फ दो अंकों में सिमट कर रह गई थी। बीजेपी को महज 99 सीटें जीत सकी थी जबकि कांग्रेस ने 77 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

 

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 1 दिसंबर को वोटिंग हुई थी जिसमें राज्य के 19 जिलों की 89 सीटें शामिल थीं। दूसरे चरण की वोटिंग 5 दिसंबर को हुई जिसमें 14 जिलों की 93 सीटें शामिल हैं।

 

 

ये एग्जिट पोल कितने सही होते हैं  ये तो 8 तारीख को पता चल ही जाएगा क्यों कि नतीजे 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

gujarat election 2022 aap congress bjp